मेरी मनु,
तुम्हारे जाने के बाद पहली बार जब अकेले लंबी ड्राइव पर निकलने की हिम्मत की, तो करसोग गया। उसी जगह, जिसके बारे में तुम मुझे बताया करती थीं। सोलन आने से पहले की, तुम्हारी कम उम्र की कितनी यादें जुड़ी थीं वहाँ से। तुम कहती थीं कि कभी मुझे अपने साथ वहाँ ले जाओगी।
मैं पहले कभी करसोग नहीं गया था। इस बार सोचा, कोशिश करता हूँ। जिस जगह के बारे में तुमसे इतना सुना था, उसे जाकर देखता हूँ।
गाड़ी में अकेला था, मनु, लेकिन पूरे रास्ते तुम साथ थीं। तुम्हारी ही बातें याद आ रही थीं। तुमने ही तो मुझे गाड़ी चलाना सिखाया, दूर निकलने की हिम्मत दी। अब मैं खुद गाड़ी चलाकर तुम्हारी यादों वाली जगह जा रहा था, और तुम्हीं मेरे पास वाली सीट पर नहीं थीं। यह बात बार-बार मन में आ रही थी।
उस समय अंदर से बहुत कमजोर था। अकेले इतना लंबा सफर करना भी आसान नहीं लग रहा था। फिर भी गया। शायद करसोग जाने की इच्छा में तुमसे थोड़ा और करीब होने की इच्छा भी थी।
वहाँ फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में कमरा लिया। उसके बाद गाड़ी लेकर करसोग की मार्केट में निकला। मेरे लिए सब कुछ नया था, लेकिन मैं हर जगह तुम्हारे बारे में सोच रहा था। तुम कभी यहाँ आई होंगी। इन रास्तों से गुजरी होंगी। इस बाज़ार से तुम्हारी भी कुछ यादें जुड़ी होंगी।
काश तुम साथ होतीं। मुझे बतातीं कि कहाँ क्या है, कहाँ जाना है, किस जगह से तुम्हारी कौन-सी याद जुड़ी है। तुम्हारे साथ शायद मैं करसोग को बिल्कुल अलग तरह से देखता।
मंदिर भी गया। वहाँ भी तुम बहुत याद आईं। उस पूरे सफर में कई बार समझ ही नहीं आ रहा था कि जो महसूस कर रहा हूँ, उसे किस तरह कहूँ। तुम्हारी याद आ रही थी, तुम्हारी कमी लग रही थी, और साथ ही ऐसा भी लग रहा था कि मैं अकेला नहीं हूँ।
करसोग से फिर ऑफरोडिंग करते हुए जिभी निकला। वहाँ रुका और फिर जलोड़ी पास होते हुए वापस सोलन आ गया। रास्ता पूरा कर लिया, लेकिन उस सफर का असर अब भी मेरे अंदर है।
तुम मुझे करसोग अपने साथ ले जाना चाहती थीं। हम साथ नहीं जा पाए, यह बात हमेशा रहेगी। लेकिन जब मैं वहाँ पहुँचा, तो तुम्हें अपने साथ ही महसूस किया।
यह सफर मुझे बहुत याद रहेगा, मनु। पहली बार अकेले इतनी दूर गया था। हिम्मत भी तुम्हारी दी हुई थी और जाने की वजह भी तुम थीं।
तुम्हारा,
त्रिलोक